कभी चखा है आपने इन अजब-गजब चाय का स्वाद
सुबह का समय हो और चाय की चुस्की लेने को मिल जाए तो फिर कहने ही क्या। चाय आज हर जगह एक पाप्युलर पेय पदार्थ है। अब तक हैल्थ के लिए हानिकारक मानी जाने वाली चाय को अब एक हेल्दी पेय पदार्थ की श्रेणी में गिना जाने लगा है और इसका मुख्य कारण है इसके कईं रूप। अब लोग सिर्फ दूध वाली चाय का ही सेवन नहीं करते, बल्कि ग्रीन टी व ब्लैक टी जैसी हैल्दी चाय को डायट में शामिल करने की सलाह खुद ड़ॉक्टर भी देते हैं। आपने भी इस तरह की चाय का सेवन अवश्य किया होगा। लेकिन आज हम आपको ऐसी कुछ चुनिंदा चाय के बारे में बता रहे हैं, जिनके बारे में आपने शायद ही सुना होगा। यह चाय सुनने में जितनी अनोखी हैं, बनाने व पीने में भी उतनी ही लाजवाब हैं। इतना ही नहीं, यह आपको कई तरह के स्वास्थ्य लाभ भी प्रदान करती हैं। तो चलिए जानते हैं ऐसी ही कुछ चाय के बारे में-
प्याज़ की चाय
प्याज़ का प्रयोग आपने कभी सब्जी में तो कभी सलाद में किया होगा। इसके परांठे भी बनाकर खाएं होंगे लेकिन क्या आपने कभी इसी मदद से चाय बनाकर पी है। नहीं न, पर वास्तव में प्याज़ की चाय बेहद ही गुणकारी होती है। प्याज़ की चाय सिर्फ सर्दी-जुकाम को ही खत्म नहीं करती, बल्कि इसमें मौजूद तत्व कईं बड़ी-बड़ी बीमारियों की रोकथाम में भी मददगार होते हैं। मसलन, इसमें पाया जाने वाला क्वेरसेटिन नामक तत्व पिग्मैंट ब्लड क्लॉट बनने से रोकता है, जिसके कारण हाइपरटैंशन आपसे दूर ही रहता है। इसके अतिरिक्त यह अद्भुत चाय फ्री-रैडिकल्स को भी नष्ट करती है। अगर मधुमेह पीड़ित व्यक्ति प्याज की चाय का सेवन करता है, तो इससे उसके शरीर में इंसुलिन रेजिटेंट बढ़ता है और उसे काफी हद तक राहत मिलती है। वहीं प्याज की चाय में घुलनशील फाइबर भी पाए जाते हैं, जो शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकालने में मदद करते हैं।
ऐसे बनाएं
प्याज की चाय बनाने के लिए सबसे पहले गैस पर पानी उबालें। जितनी देर पानी गर्म हो रहा है, प्याज को धोकर काटें। अब इन टुकड़ों को गैस पर रखे पानी में डालें। जब पानी में उबाल आ जाए तो गैस बंद कर दें। अब इसमें नींबू का रस व ग्रीन टी बैग मिलाएं। अंत में आप इसमें अपने टेस्ट के अनुसार शहद मिलाकर इसका सेवन करें।
लहसुन की चाय
प्याज की तरह ही लहसुन की चाय भी सेहत को कई तरह के लाभ प्रदान करती है। खासतौर से, अगर इसे खाली पेट सेवन किया जाए तो यह रामबाण की तरह काम करती है। चूंकि इसकी मदद से टॉक्सिंन बाहर निकलते हैं तो व्यक्ति काफी हल्का महसूस करता है और यह वजन कम करने में भी मददगार होती है। साथ ही यह आपकी पाचन क्षमता को बेहतर और इम्युनिटी को स्ट्रॉग बनाती है। जिन लोगों को शुगर है या दिल की बीमारी है, उन्हें तो इसका सेवन अवश्य करना चाहिए। इसके सेवन से कुछ ही दिनों में उन्हें अपनी स्थिति में परिवर्तन नजर आएगा। लहसुन की चाय को पीने से शरीर को कैल्शियम भी मिलता है। इस तरह हडिड्यों को मजबूती प्रदान करने के लिए भी इस चाय का सेवन किया जा सकता है। वहीं अगर लगातार इस चाय का सेवन किया जाए तो कुछ ही दिनों में त्वचा पर गजब का निखार आता है।
ऐसे बनाएं
लहसुन की चाय बनाने के लिए एक पैन में पानी डालकर गर्म होने के लिए रख दें। जब पानी में उबाल आने लगे तो इसमें थोड़ा सा कद्दूकस किया हुआ अदरक और लहसुन की एक कली डालकर करीबन दस से पंद्रह मिनट तक पकाएं। इसके बाद गैस बंद कर दें। अब कुछ देर पानी को ऐसे ही छोड़ दें। करीबन दस मिनट बाद चाय छानें और इसमें नींबू व शहद मिलाकर इसका लुत्फ उठाएं।
अनार के छिलकों की चाय
अनार का सेवन तो हर घर में किया जाता है। लेकिन अक्सर लोग अनार के दाने तो खाते हैं, लेकिन उसके छिलकों को बेकार समझकर बाहर फेंक देते हैं। पर अगर आप चाहें तो इसकी मदद से एक हैल्दी व टेस्टी चाय तैयार कर सकते हैं। जो लोग अनार की चाय का सेवन करते हैं, उन्हें पाचन संबंधी किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ता। वहीं इसमें कईं तरह के एंटी-ऑक्सीड़ैंट्स पाए जाते हैं जो बीमारियों से लड़ने में एक सुरक्षा कवच की भांति काम करते हैं। अगर आप बढ़ती उम्र में भी जवां दिखने की चाहत रखते हैं तो आज ही अनार की चाय को अपनी डायट का हिस्सा बनाएं। दरअसल, इस चाय का सेवन शरीर में एंटी-ऑक्सिड़ैंट्स फ्री-रैडिकल्स को न्यूट्रिलाइज़ करते हैं जिससे झुर्रियां, काले घेरे और फाइन लाइन जैसी प्रॉब्लम नहीं होती और आप बढ़ती उम्र में भी जवां-जवां दिखाई देते हैं। ब्लड प्रेशर के मरीज़ों के लिए भी अनार की चाय विशेष रूप से लाभदायी है क्योंकि यह उसे नियंत्रित करने में मददगार होती है। साथ ही इससे शरीर में कोलेस्ट्रॉल स्तर भी नियंत्रित रहता है। इससे आप किसी भी तरह के हार्ट डिसीज़ से दूर रहते हैं।
ऐसे करें तैयार
अनार के छिलकों की चाय बनाने के लिए आपको पहले अनार के छिलकों का पाउडर बनाना होगा। इसके लिए आप अनार के छिलकों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखाएं। जब यह अच्छी तरह सूख जाएं तो इसका महीन पॉउडर तैयार करें और एयरटाइट कंटेनर में भरकर रखें। अब चाय बनाने के लिए पैन में करीबन एक से डेढ़ कप पानी गर्म होने के लिए रख दें। जब पानी गर्म हो जाए तो उसमें अनार के छिलकों का पाउडर डाल दें और करीबन पांच मिनट के लिए यूं ही छोड़ दें। अब पानी को छान लें और इसमें नींबू व शहद डालकर पीएं।
मिताली जैन